देहरादून: सिख समुदाय पर टिप्पणी को लेकर बोले सीएम धामी, कहा—किसी भी समुदाय पर ऐसी बयानबाजी उचित नहींदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी भी समुदाय पर आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। सिख धर्म गुरुओं का इतिहास बलिदान और देश सेवा से भरा है। समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने कभी पीछे हटकर नहीं देखा।एससीईआरटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम धामी कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा सिख समुदाय पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव से लेकर दशमेश गुरु तक का इतिहास प्रेरणा देने वाला है। हमारी पार्टी और हमारी संस्कृति किसी भी ऐसे बयान का समर्थन नहीं करती जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहज़ादों की शहादत को याद करते हुए देश में ‘वीर बाल दिवस’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी सरकार ने 1984 दंगों के आरोपियों को सजा दिलाने, करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण, अफगानिस्तान से गुरुग्रंथ साहिब को सुरक्षित वापस लाने और स्वर्ण मंदिर को आयकर से मुक्त करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। साथ ही हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
