राशन कार्ड प्रक्रिया अगले वर्ष से पूरी तरह ऑनलाइन, जरूरतमंदों को प्राथमिकता: रेखा आर्या

देहरादून। प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अगले वर्ष से पूरी तरह ऑनलाइन होने जा रही है। यह निर्देश कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में गलतियों, देरी और मानवीय हस्तक्षेप को कम करने के लिए इसे डिजिटल प्रणाली में बदलना आवश्यक है।मंत्री ने बताया कि ऑनलाइन सिस्टम लागू होने से आवेदन की स्थिति, सत्यापन, अनुमोदन और कार्ड जारी होने तक की हर प्रक्रिया पारदर्शी और ट्रैकेबल हो सकेगी। साथ ही राशन विक्रेताओं के भुगतान और बिलिंग की प्रक्रिया भी डिजिटल की जाएगी, जिससे देरी और विसंगतियों पर रोक लगेगी।समीक्षा के दौरान अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष मई माह तक का लाभांश सभी जनपदों के राशन वितरण कर्ताओं को भेजा जा चुका है, जबकि अगले तीन महीने का लाभांश भी 2–3 दिनों में जारी कर दिया जाएगा।रेखा आर्या ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य की तुलना में इस वर्ष 98 प्रतिशत धान की खरीद पूरी हो चुकी है। लक्ष्य बढ़ाने के लिए केंद्र से पत्राचार किया जा रहा है ताकि अधिक किसानों की फसल को एमआरपी पर खरीदा जा सके।मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नए राशन कार्ड बनाते समय केवल आवेदन की पुरानी तिथि को मानक न बनाया जाए। बल्कि सबसे जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाए ताकि वास्तविक लाभार्थी पहले सुविधा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग संवेदनशीलता के साथ यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र परिवार सुविधा से वंचित न रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment