जालंधर से काशीपुर लाई गई हजारों नशीले इंजेक्शनों की खेप ट्रांस्पार्ट पर पड़ी मिली, एक पर मुकदमा दर्ज

काशीपुर।जालंधर से काशीपुर लाई गई 43,950 नशीले इंजेक्शनों की खेप को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रिपुल चौहान ने अवैध बिक्री के लिए नशीले इंजेक्शन मंगवाए थे। उसके साथी दीपक ठाकुर के जेल जाने के कारण यह खेप टांडा उज्जैन दढ़ियाल रोड स्थित सेफ एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट में पड़ी रह गई थी।सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट ब्रांच हेड पवन कुमार पुत्र स्व. शम्भूनाथ सिंह से पूछताछ की। पूछताछ में बताया गया कि जालंधर ब्रांच से वत्सल मेडिकल स्टोर के नाम से दो खेप सेफ एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट काशीपुर भेजी गई थीं। वेबिल पर दर्ज मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद बुकिंग ब्रांच जालंधर से संपर्क कर दो मोबाइल नंबर प्राप्त किए गए।एक नंबर पर कॉल करने पर फोन बंद मिला, जबकि ट्रू कॉलर पर नाम दीपक ठाकुर दर्शित हुआ। दूसरे नंबर पर संपर्क करने पर एक महिला ने बताया कि वत्सल मेडिकल स्टोर बंद हो चुका है और खेप को वापस भेज दिया जाए। वाहन में जगह न होने के कारण खेप वापस नहीं भेजी जा सकी।पुलिस ने मौके से कुल 18 पेटियां बरामद कीं, जिनमें 43,950 नशीले इंजेक्शन पाए गए। पुलिस ने मामले में फरार आरोपी रिपुल चौहान निवासी ग्राम नजीमपुर जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, हाल निवासी वार्ड संख्या-13 कविनगर, थाना काशीपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस टीम में एसएसआई केसी आर्य, एसआई सुनील सुतेड़ी, हेमचंद्र तिवारी, मनोज सिंह धौनी, गिरीश चंद्र, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, विनय कुमार और दीपक कुमार शामिल रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment