काशीपुर । कश्मीर से पलायन कर उत्तराखंड की शांत वादियों में अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए व्यापार करने आए एक गरीब कश्मीर फेरीवाले के साथ काशीपुर के मानपुर रोड पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रोजी-रोटी की तलाश में आए इस युवक को कुछ शरारती तत्वों ने नफरत का शिकार बनाते हुए जबरन धार्मिक नारे लगाने के लिए प्रताड़ित किया और मना करने पर उसके साथ मारपीट की। जैसे ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तभी एक्शन में आए उधम सिंह नगर के पुलिस कप्तान एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कानून की धज्जियां उड़ाने वालों को कड़ा सबक सिखाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। एसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ संदेश दिया है कि जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की गई थी उसको हटवा दिया गया है अगर किसी व्यक्ति द्वारा पुनः उसको सोशल मीडिया पर डाला गया तो उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
