चकराता। क्रिसमस के अवसर पर चकराता में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे सैलानियों ने यहां के होटलों, होमस्टे और रिसॉर्ट्स में ठहरकर ठंडे मौसम और प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद लिया। क्रिसमस और नववर्ष के जश्न को लेकर होटल, होमस्टे और रिसॉर्ट्स में विशेष सजावट और पार्टियों के इंतजाम किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया।पर्यटकों की आमद से चकराता और आसपास के इलाकों में चहल-पहल बढ़ गई है। लंबे समय बाद क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से पर्यटन आधारित कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल व्यवसाय, टैक्सी सेवाएं, स्थानीय दुकानदार और अन्य पर्यटन से जुड़े लोग इस बढ़ी हुई आवाजाही से खासे उत्साहित नजर आए।इस वर्ष अब तक बर्फबारी न होने के कारण पर्यटन कारोबार अपेक्षाकृत मंदा चल रहा था, लेकिन क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट के जश्न के लिए पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने व्यवसाय को नई ऊर्जा दे दी है। चकराता सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में गतिविधियां तेज हो गई हैं और होटल–होमस्टे लगभग फुल हो चुके हैं।शांत वातावरण, देवदार के घने जंगल और मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध चकराता इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। देशभर से आए सैलानियों की भारी मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग दिया है और पर्यटन सीजन को मजबूती प्रदान की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
