Long Paragraph News:काशीपुर। सुभाषनगर निवासी जितेंद्र चौधरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 जनवरी की शाम वह सीतापुर से स्कूटी द्वारा पशुओं के लिए चारा लेकर अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान विपरीत दिशा से कांग्रेस के ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर की कार उसे क्रॉस कर गई, जिसके कुछ देर बाद विधायक द्वारा उसके मोबाइल फोन पर कॉल कर कथित रूप से धमकाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि विधायक से उसकी पूर्व से राजनीतिक रंजिश चली आ रही है और वह आए दिन उसे देख लेने की धमकी देते रहते हैं। इस मामले में एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “दिन खराब आ रहे हैं क्या, मुझे घूरकर देख रहा है,” जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच बाजार चौकी प्रभारी को सौंप दी है, हालांकि कोतवाली स्तर पर अधिकारी इस संबंध में अनभिज्ञता जताते नजर आ रहे हैं। वहीं, विधायक रवि बहादुर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं और शिकायतकर्ता का इतिहास स्थानीय लोगों और पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज है। विधायक का कहना है कि जिस थाने में तहरीर दी गई है, वहां संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और यह सब राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के तहत किया जा रहा है। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि पुलिस स्तर पर की जा रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
