काशीपुर। इस दौर में स्वार्थी व्यक्ति भगवान के घर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। नगर क्षेत्र में एक के बाद एक मंदिर में चोरियों की बढ़ती घटनाओं से भक्तों व नागरिकों में मंदिर की सुरक्षा को लेकर असंतोष पनपता दिखाई दे रहा है। खासकर चोरों ने कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित मंदिरों को अपना निशाना बनाया हुआ है।

पुलिस पिछले लगभग एक माह से हो रही इन चोरियों को खोलने में अभी तक नाकाम साबित हो रही है। वहीं पुलिस की जांच बस सीसीटीवी फुटेज तक सिमटकर रह गयी है। सूत्रों की माने तो इन चोरियों में सबसे ज्यादा अगर हाथ किसी का है तो वह नशेड़ियों का है नगर क्षेत्र में नशेड़ी अपनी लत को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं। यहां बता दे की बीती रात अज्ञात चोरों ने शमशान घाट रोड स्थित प्रांचीन गंगे बाबा मंदिर में धाबा बोल नाग देवता, कलश व तांबे का भारी भरकम लोटा चोरी कर लिया। वहीं मौहल्ला पक्काकोट स्थित नागनाथ मंदिर में भी बीती रात चोरों ने धावा बोल वहां से दान पात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी हजारों रूपये की नगदी चोरी कर ली। इतना ही नहीं चोरों ने हनुमान मंदिर समेत अन्य देवी-देवाताओं के मंदिर से भी कलश, घंटे व दानपात्र आदि भी चोरी कर लिये। यहां चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट पर सीढ़ी लगाकर द्वार के ऊपर बनी शिव परिवार की प्रतिमाओं के ऊपर लगे कलश तक चुरा लिये। यहां बतादें कि करीब तीन दिन पूर्व गंगे बाबा मंदिर से तांबे का लौटा, व भगवान हनुमान जी की गदा कुछ अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। यहां यह भी बताते चलें कि करीब चार दिन पूर्व नागनाथ मंदिर में भी चोरों ने धावा बोल चोरी का प्रयास किया था। परंतु इस दौरान मंदिर के पुजारी गणेशनाथ गिरी के जागने पर चोर अपने मकसद में कामयाब न होने पर मंदिर की दीवार फांदकर फरार हो गये थे। इससे पूर्व पखवाड़े भर पूर्व मानपुर रोड स्थित एक शिव मंदिर में भी चोरों ने वहां दानपात्र समेत प्रतिमाओं पर लगे कलश व नाग, घंटियां आदि चोरी कर लिये थे। बताते चलें कि रामनगर रोड निकट स्टेडियम स्थित नागन शक्ति मंदिर में बीते तीन-चार दिन पूर्व की रात चोरों ने मंदिर में घुस वहां दानपात्र को तोड़ उसमें से करीब 60 हजार रूपये की नगदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। इतना ही नहीं इसी मंदिर के पास स्थित एक पान-बीड़ी की दुकान में चोरों ने दुकान के ताले तोड़ वहां से हजारों रूपये मूल्य की कीमत का सिगरेट, पान-मसाले, दाराज में रखी हजारों की नगदी चोरी कर ली थी। पुलिस अभी तक बीते करीब एक माह के भीतर हुई उक्त चोरियों का खुलासा तो दूर चोरों का सुराग तक लगाने में नाकाम साबित हो रही है। पुलिस से जानकारी लेने पर पुलिस मात्र सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ने में लगी है। इधर, बीती रात गंगे बाबा मंदिर व नागनाथ मंदिर में हुई चोरियों की सूचना पर पुलिस ने आज प्रातः दोनों मंदिरों में पहुंच मौका मुआयना करने के बाद चोरों की सुरागकसी के लिए घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू है। अब देखना है कि इन चोरियों का पुलिस कब तक पर्दाफाश कर पाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
