खेत बचाओ अभियान में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान

काशीपुर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को काशीपुर स्थित गन्ना प्रेक्षागृह में आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की मेहनत और नई तकनीकों को अपनाने की सोच कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं न्यूनतम उपयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए नियमित मृदा परीक्षण कराना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों तथा जैविक उपायों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना चाहिए। मिट्टी का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना समय की आवश्यकता है। यदि किसान मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करेंगे तो उत्पादन लागत कम होगी, फसल की गुणवत्ता बेहतर होगी और भूमि की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहेगी।कृषि मंत्री ने किसानों से जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देकर न केवल भूमि की उर्वरता संरक्षित की जा सकती है, बल्कि कृषि लागत कम होने से किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के हित में ड्रैगन फ्रूट, कीवी तथा मिलेट जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी नीतियां बनाई गई हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैकल्पिक एवं अधिक लाभकारी कृषि गतिविधियों से जोड़ना है।उन्होंने कहा कि पहले मिट्टी परीक्षण की सुविधा केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित थी, जिसके कारण किसानों को अपनी भूमि की वास्तविक स्थिति की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी। लेकिन अब “लैब टू लैंड” की अवधारणा के तहत कृषि वैज्ञानिक स्वयं किसानों के खेतों तक पहुंचकर मिट्टी का परीक्षण कर रहे हैं, जिससे किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है।कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं तथा किसानों और ग्रामीणों को मिट्टी परीक्षण एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर काशीपुर के मेयर दीपक बाली, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव, जिला उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment