काशीपुर। शहर में विकास और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावों के बीच अल्ली खा क्षेत्र की मंझरा रोड बदहाल स्थिति सवाल खड़े कर रही है। लक्ष्मीपुर माइनर से मंझरा रोड तक सड़क जगह-जगह गहरे सनम गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। टूटी सर्विस रोड और अधूरे निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंझरा रोड काशीपुर के मुख्य बाजार के साथ ही मुरादाबाद की ओर जाने वाले हाईवे को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस कारण यहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लक्ष्मीपुर माइनर से संबंधित कार्य के चलते सड़क पर काम शुरू किया गया था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ। सर्विस रोड पर जगह-जगह बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने तथा गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि सरकार सड़कें गड्ढामुक्त करने के दावे कर रही है, लेकिन मंझरा रोड की तस्वीर उन दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रही है। नागरिकों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
