चुनाव 2027 से पहले धामी सरकार ने बांटे 16 नए राजनीतिक दायित्व, दो दिन में 55 लोगों को मिली जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच धामी सरकार ने विभिन्न परिषदों में गैर सरकारी सदस्यों को नामित करने का सिलसिला तेज कर दिया है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने चार महत्वपूर्ण परिषदों में कुल 16 सदस्यों को नामित कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सरकार के इस फैसले के तहत उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में नौ, जनजाति सलाहकार परिषद में चार, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद में एक तथा राज्य सहकारी परिषद में दो सदस्यों को स्थान दिया गया है। इससे पहले बुधवार को प्रदेश सरकार ने राज्य के 13 विकास प्राधिकरणों में 39 गैर सरकारी सदस्यों को नामित किया था। इस प्रकार महज दो दिनों के भीतर विभिन्न विकास प्राधिकरणों और परिषदों में कुल 55 लोगों को राजनीतिक एवं संस्थागत दायित्व सौंपे जा चुके हैं। सरकार की ओर से जारी नामांकन के अनुसार उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में नौ सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें हरिद्वार से ओमकार जैन, नैनीताल से गजाला कमाल तथा ऊधमसिंह नगर जिले से हरलोक सिंह नामधारी, सीमा कौर, रमेश सिंह, महेंद्र सिंह, मनजीत सिंह बिट्टा और जगजीत सिंह मल्ली को सदस्य नामित किया गया है। वहीं देहरादून से खालिद हसन उर्फ आजाद को भी परिषद में स्थान दिया गया है। इसी तरह जनजाति सलाहकार परिषद में चार सदस्यों को नामित किया गया है, जिनमें ऊधमसिंह नगर से पुष्कर सिंह, रुद्रप्रयाग से पदमेंद्र सिंह कुंवर तथा देहरादून से अनुराधा और धामी लाल कोषवाल शामिल हैं। इसके अलावा संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद में देहरादून की सरोजनी सेमवाल को सदस्य बनाया गया है। वहीं राज्य सहकारी परिषद में देहरादून के पुरुषोत्तम डोबाल और ऊधमसिंह नगर के अमरजीत सिंह को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। लगातार दो दिनों में बड़ी संख्या में लोगों को विभिन्न परिषदों और विकास प्राधिकरणों में नामित किए जाने को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सरकार की ओर से किए जा रहे इन नामांकनों के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। अलग-अलग जिलों और सामाजिक वर्गों से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है। अब इन नव नामित सदस्यों की भूमिका संबंधित परिषदों के कार्यों, योजनाओं और अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विषयों में महत्वपूर्ण रहेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment