काशीपुर। गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र काशीपुर की ओर से गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर में एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में गन्ना किसानों को आगामी शरदकालीन गन्ना बुवाई, उन्नतशील प्रजातियों के चयन, फसल में लगने वाले रोगों एवं कीटों की रोकथाम तथा वैज्ञानिक खेती की आधुनिक तकनीकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार ने किसानों को गन्ने की बुवाई के दौरान खेत की तैयारी, बुवाई की गहराई और कतारों के बीच उचित दूरी बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए बुवाई की वैज्ञानिक विधि अपनाना बेहद आवश्यक है। किसानों को चाहिए कि वे खेत की अच्छी तरह तैयारी करने के बाद ही बुवाई प्रारंभ करें। गन्ने की बुवाई करते समय गुल खोलकर उचित गहराई में बीज डालें तथा पौधों और कतारों के बीच निर्धारित दूरी का विशेष ध्यान रखें। इससे गन्ने की फसल को पर्याप्त फैलाव मिलेगा और पौधों के बेहतर विकास में मदद मिलेगी। उन्होंने शरदकालीन गन्ने की बुवाई करने वाले किसानों को विशेष रूप से उत्तम गुणवत्ता वाले बीज का चयन करने की सलाह दी। नीलेश कुमार ने किसानों से अपनी फसलों का नियमित निरीक्षण करने की अपील करते हुए कहा कि खेत में किसी भी प्रकार के रोग अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर किसान उसकी तस्वीर लेकर गन्ना शोध केंद्र के वैज्ञानिकों को भेजें, ताकि समस्या की पहचान कर उन्हें फोन के माध्यम से तत्काल आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ नवीनतम कृषि तकनीकों को भी अपनाना चाहिए। इसके साथ ही प्रत्येक किसान को अपनी कृषि भूमि की मिट्टी की जांच अवश्य करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि मिट्टी में विभिन्न प्रकार के सूक्ष्म पोषक तत्व मौजूद होते हैं और भूमि परीक्षण के माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि खेत की मिट्टी में किन पोषक तत्वों की कमी है। इसके बाद आवश्यक तत्वों की उचित मात्रा में पूर्ति कर मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता में सुधार किया जा सकता है। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को गन्ने की उन्नतशील प्रजातियों, फसल में लगने वाले विभिन्न रोगों, कीटों की पहचान, उनके नियंत्रण के उपायों तथा वैज्ञानिक विधि से खेती करने की जानकारी देना रहा। इसके अलावा किसानों को गन्ना विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से भी अवगत कराया गया, जिससे वे आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाकर प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि कर सकें। इस दौरान गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने किसानों को वर्तमान में खेती के लिए उपयुक्त उन्नतशील गन्ना प्रजातियों की जानकारी देते हुए 15023, 13235, 14201 और 12226 जैसी प्रजातियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। वैज्ञानिकों ने बताया कि गन्ने की 0238 प्रजाति वर्तमान में रेड रॉट (लाल सड़न) रोग की चपेट में आ रही है। ऐसे में किसानों को इस प्रजाति की नई बुवाई से पूरी तरह बचना चाहिए तथा धीरे-धीरे इसका स्थान रोग प्रतिरोधी एवं उन्नतशील प्रजातियों से बदलना चाहिए। उन्होंने गन्ने की फसल को रोगों एवं कीटों से सुरक्षित रखने के लिए समय पर पहचान, उचित प्रबंधन और वैज्ञानिक उपाय अपनाने पर भी जोर दिया। वैज्ञानिकों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज, संतुलित पोषक तत्वों का प्रयोग, खेत की उचित तैयारी और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर गन्ने की पैदावार में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है। गोष्ठी में गन्ना अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक एवं अधिकारी, गन्ना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी, चीनी मिल बाजपुर के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को गन्ने की खेती में आ रही समस्याओं का समाधान करने और बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
