रुद्रपुर। बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और बाल स्वास्थ्य के प्रति अभिभावकों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद ऊधमसिंह नगर में सांस (SAANS) कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी के निर्देशन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत जिले की समस्त चिकित्सा इकाइयों में 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आशा कार्यकत्रियों की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें उन्हें निमोनिया के लक्षणों की पहचान, बचाव के उपायों और समय पर उपचार सुनिश्चित कराने के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में निमोनिया के मामलों की समय पर पहचान करना, बीमारी के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा प्रभावित बच्चों को समय रहते उचित चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि निमोनिया बच्चों में होने वाला एक गंभीर श्वसन संक्रमण है, जिसमें लापरवाही बरतना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए अभिभावकों को इसके शुरुआती लक्षणों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि बच्चों में तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई होना, सांस लेते समय छाती का अंदर की ओर धंसना, लगातार खांसी और बुखार जैसे लक्षण निमोनिया के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए और घरेलू उपचार के भरोसे समय गंवाने के बजाय बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार दिलाना चाहिए। सीएमओ ने निमोनिया से बचाव के लिए बच्चों के नियमित टीकाकरण, जन्म के बाद शुरुआती छह माह तक केवल स्तनपान, संतुलित एवं उचित पोषण तथा व्यक्तिगत और घरेलू स्वच्छता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को धुएं और वायु प्रदूषण से बचाना भी आवश्यक है, क्योंकि प्रदूषित वातावरण उनके श्वसन स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक परिवारों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाए, ताकि अभिभावक बीमारी के लक्षणों को समझ सकें और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उपचार करा सकें। उन्होंने विशेष रूप से आशा कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, निमोनिया के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। अभियान के तहत आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं तक बच्चों की समय पर पहुंच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जनपद में कोई भी बच्चा निमोनिया के लक्षणों की अनदेखी या समय पर उपचार न मिलने के कारण गंभीर स्थिति में न पहुंचे। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु मस्यूनी, चांद मियां, निधि सहित रुद्रपुर क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने और इसके संदेश को जनपद के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
