काशीपुर। नगर क्षेत्र में बढ़ते आवारा गाय और सांडों के चलते शहर वासियों का जीना दुश्वार हो गया है। नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गाय सांडों की संख्या में न सिर्फ और इजाफा होता दिखाई दे रहा है बल्कि इनका आतंक भी बढ़ गया है। यहां बता दें कि नगर क्षेत्र में इन दिनों चौराहों और हाइवे के साथ ही गली, मौहल्लों व कालौनियों में सांड और गायों के जमावड़ा लगा रहता हैं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों के साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों में इनका भारी खौफ देखा जा सकता है। लोगों को घर से निकलने में परेशानी हो रही है, लेकिन नगर निगम इस ओर कतई गंभीर नहीं है। स्थानीय जन प्रशासन से इन गाय, सांडों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं। काशीपुर के मौहल्ला कानूनगोयान, लाहौरियान, खालसा, खत्रियान, ओझान, विजयनगर नई बस्ती, कटोराताल, किला, आवास विकास आदि विभिन्न मौहल्लों के वाशिंदे इन दिनों आवारा पशुओं के कारण बेहद परेशान हैं। गलियों में सांड और गायों का झुंड बेखौफ घूमते नजर आते हैं। इससे लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर लगता है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और महिलाओं व बुजुर्गों को हर पल किसी अनहोनी का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्सर सांड आपस में लड़ते हैं। इस लड़ाई में लोग घायल हो जाते हैं और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाते है। अब देखना है कि कब तक नगर प्रशासन इस और ध्यान देता है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
