काशीपुर। धान की खरीद न होने पर किसानों ने मंडी समिति में जमकर हंगामा काटा। धरना प्रदर्शन करते हुए किसानों ने एफसीआई के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल धान की खरीद जल्द शुरू करने की मांग की। आज सुबह चार बजे से ही सैकड़ों किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में धान से भरी बोरियां लेकर मंडी समिति के बाहर पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी खरीद शुरू नहीं हुई। इससे नाराज किसानों ने मंडी समिति के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे मंडी सचिव तथा एफसीआई अधिकारी दिनेश कुमार ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने साफ कहा कि जब तक उनकी फसल की खरीद शुरू नहीं होती, तब तक वह मुख्य गेट नहीं खोलेंगे। किसानों ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण उनकी फसल खेतों में और सड़कों पर सड़ रही है। उनका कहना है कि अभी तक केवल 60 प्रतिशत फसल की ही कटाई हुई है, जबकि 40 प्रतिशत धान की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। बावजूद इसके, उत्तराखड सरकार ने धान खरीद का पोर्टल बंद कर दिया है, जिससे किसान भारी संकट में हैं। किसानों का कहना है कि अगर सरकार ने पोर्टल तुरंत नहीं खोला तो उन्हें अपनी फसल लेकर कहां जाना पड़ेगा? अगले सीजन की बुवाई भी सिर पर है और इस हालात में वे दोहरी मार झेल रहे हैं, एक तरफ धान की बिक्री बंद, दूसरी तरफ नई फसल की तैयारी ठप। किसानों ने सरकार से मांग की है कि धान खरीद पोर्टल को तत्काल खोला जाए। इस दौरान सैंकड़ों किसान मौक पर मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
