उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश में आम जनता को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से 17 दिसंबर से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार 45 दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सरकारी सेवाएं लोगों तक उनके घर के नजदीक पहुंच सकें और उन्हें दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।इन शिविरों में 23 सरकारी विभाग एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे, जहां आम लोग अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कई मामलों में समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया जाएगा, जबकि लंबित मामलों की स्पष्ट स्थिति लोगों को बताई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को विस्तार से अवगत कराया जाएगा।अभियान के दौरान लोगों को अपने आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और शासन व जनता के बीच की दूरी कम करते हुए प्रशासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
