राजधानी देहरादून में त्रिपुरा निवासी युवक एंजेल चकमा की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस गंभीर घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तराखंड के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से मामले की पूरी जानकारी साझा की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस तरह की घटनाएं उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हैं और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर सजा दिलाई जाएगी।मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से दो आरोपी नाबालिग पाए गए हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है, ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। इसके साथ ही जांच के दायरे को और व्यापक करते हुए पुलिस की एक विशेष टीम नेपाल में भी भेजी गई है, जहां फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि प्रदेश की शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष, तेज और प्रभावी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। सीएम ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और जो भी व्यक्ति ऐसी जघन्य घटनाओं में शामिल पाया जाएगा, उसे सरकार से किसी तरह की नरमी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। सरकार प्रदेश में कानून का राज कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
