रुद्रपुर, 25 जून 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के प्रभावी संचालन एवं मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर में स्थापित जनपदीय कंट्रोल रूम का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा मतदाताओं की सहायता के लिए संचालित 1950 हेल्पलाइन नंबर की स्वयं जांच कर उसकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और जानकारियों का समय पर निस्तारण किया जा रहा है तथा मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।अपर जिलाधिकारी ने जनपदीय कंट्रोल रूम में मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के अभिलेखीकरण से संबंधित पंजिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने पंजिका के व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का आसानी से लाभ उठा सकें।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत एवं सूचना का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए और शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी एसआईआर जनपदीय कंट्रोल रूम उमाशंकर नेगी, नितीश जोशी, नीरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
