खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुद्रपुर में मारा छापा, मिठाइयों के चार नमूने लिए

रुद्रपुर। जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन भदौरिया के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को रुद्रपुर मेन मार्केट में छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाया। दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मावे की बर्फी, पेड़ा, बालूशाही और बेसन के लड्डू के एक-एक नमूने सहित कुल चार नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दीपावली अभियान के तहत खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने, वैध एफएसएसएआई पंजीकरण एवं लाइसेंस के साथ कारोबार करने और खाद्य पदार्थों के क्रय बिलों पर लाइसेंस नंबर अंकित रखने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में बिकने वाली मिठाइयों एवं बेकरी उत्पादों पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित करना अनिवार्य बताया गया है। बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी कारोबारियों से खाद्य सामग्री खरीदने तथा खरीद-बिक्री का दैनिक रिकॉर्ड रखने को भी कहा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और विक्रेता का खाद्य लाइसेंस अवश्य जांच लें। यदि कहीं निम्न गुणवत्ता या अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेची जा रही है तो टोल फ्री नंबर **18001804246** पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment