गूलरभोज। उत्तराखंड की राजनीति में पिछले कुछ समय से चल रही चर्चाओं और अटकलों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। तस्वीर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय एक साथ नजर आ रहे हैं। उनके साथ भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रभारी मंत्री दुष्यंत गौतम भी मौजूद हैं।राजनीतिक जानकार इस तस्वीर को केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर एक सकारात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं। दरअसल, विधायक अरविंद पांडेय समय-समय पर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं और कई बार उनके बयान पार्टी लाइन से अलग माने जाते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री धामी के साथ उनकी यह तस्वीर राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।सोशल मीडिया पर साझा की गई एक बातचीत में विधायक अरविंद पांडेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने धामी को देश का सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री बताते हुए उनके प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। इतना ही नहीं, पांडेय ने यह भी कहा कि वह वर्ष 2047 तक पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।पांडेय के इस बयान को प्रदेश भाजपा की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के दिनों में जिस प्रकार विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चाएं हो रही थीं, उनके बीच यह तस्वीर और बयान कई अटकलों पर विराम लगाने का काम कर सकते हैं।फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल यह तस्वीर और उससे जुड़ी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक मायने और अधिक स्पष्ट हो सकते हैं, लेकिन इतना तय है कि धामी और पांडेय की यह तस्वीर उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म देने में सफल रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
