काशीपुर। बीते लगभग 10 दिन पूर्व तीन मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर व चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्रतार कर मंदिर से चोरी हुआ सामान व हजारों रूपये की नकदी बरामद की है। दो चोर अभी पुलिस की गिरफ्रत से बाहर हैं। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।बतादें कि बीती 26 मई को रामनगर रोड निकट स्टेडियम स्थित नागन शक्ति मंदिर व 31 मई की अर्द्धरात्रि गंगे बाबा मंदिर व नागनाथ मंदिर में चोरों ने धाबा बोलकर मंदिर से कलश, नाग, घंटिया आदि समेत मंदिर के दान पात्र चोरी कर ले गये थे। इन दान पत्रों में हजारों रूपये की नगदी बताई गई थी। आज उक्त तीनों मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि इन चोरियों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पुलिस टीम का गठन कर चोरियों के अनावरण का निर्देश दिया था। जिस पर पुलिस अधीक्षक स्वप्न कुमार व स्वयं उनके निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाल सर्विलांस, मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर मानपुर रोड स्थित नौगजा कब्रिस्तान स्थित पुलिया के पास से रेलवे लाइन पड़ाव रामनगर निवासी तालिब हुसैन पुत्र इरफान अली को एक बाईक समेत गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त चोरियां उसने अपने साथी रेलवे पड़ाव, रामनगर निवासी सन्नी पुत्र गोविंद सिंह व ग्राम पूछड़ी रामनगर निवासी मोईन के साथ अंजाम दिया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंदिर से चोरी किया सामान उसने काशीपुर की कुमाऊं कालोनी कचनालगाजी निवासी कबाड़ी जलीश अहमद पुत्र शब्बीर अहमद को बेच दिया है। पुलिस ने तालिब की निशानदेही पर जलीश अहमद को दुकान पर छापा मार वहां से उक्त मंदिरों से हुई चोरियों का सामान भी बरामद करते हुए जलीश अहमद को भी गिरफ्रतार कर लिया। बरामद सामान में पुलिस ने मौके से एक नाग प्रतिमा, दो कलश, एक गदा, तीन त्रिशूल, गुंबद पर लगने वाले दो कलश, 17 घंटियां व 15 हजार 420 की नकदी बरामद की हैं। पुलिस तालिब हुसैन के फरार साथी सन्नी व मोईन की तलाश में जुटी है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तालिब हुसैन इससे पूर्व भी वर्ष 2022 में थाना रामनगर से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अभी उसके खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों का भी पता लगाने में जुटी है। चोरियों का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई नवीन बुधानी, कटोराताल चौकी इंचार्ज मीना रावत, एएसआई प्रकाश बारो, कांस्टेबल दर्शन सिंह, गौरव सनवाल, महेन्द्र देवड़ी आदि शामिल रहे। वही मंदिरों में हुई चोरियों का शीघ्र खुलासा व चोरी गया सामान बरामद होने पर श्री गंगे बाबा मंदिर की ओर से महंत लखनदास महाराज के सानिध्य में तथा श्री नागनाथ मंदिर की और से गंगे बाबा मंदिर के सेवादार राजेश शर्मा, पुजारी पंडित केवलानंद जोशी, पुजारी गणेश नाथ, अनिल कुमार त्यागी, नीरज अग्रवाल के द्वारा पुलिस प्रशासन को पटका पहनाकर व फुलों के बुके व फुल मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
