बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित सिविल न्यायालय में गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात कर्मचारी ओम बाबू को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में होने लगी।जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शाहिद, निवासी वार्ड नंबर-2, बाजपुर ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) हो चुका है, लेकिन केस समाप्त कराने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर संबंधित कर्मचारी द्वारा 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।गुरुवार को विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी कर्मचारी को शिकायतकर्ता से कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
