काशीपुर। काशीपुर नगर के महादेव नगर पक्का कोट स्थित एक प्लॉट में जमा पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।इस दौरान दिवंगत बच्चों की माता की मानसिक एवं शारीरिक स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर विधायक चीमा ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई और डॉक्टर से उनका उपचार शुरू कराया, ताकि उन्हें आवश्यक चिकित्सा मिल सके। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक और दुखद है। इस असहनीय पीड़ा की घड़ी में पूरा समाज शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि वे और उनका परिवार हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ रहेंगे तथा हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत मासूमों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सतर्कता बरतनी चाहिए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
