कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा

काशीपुर। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल के नेतृत्व में आज एसडीएम आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। अपने संबोधन में महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई, नीट पेपर लीक प्रकरण तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग की भी उन्होंने कड़ी निंदा की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति की आवाज को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एडवोकेट मनोज जोशी, एडवोकेट संदीप सहगल, मुशर्रफ हुसैन, महेंद्र बेदी, एडवोकेट उमेश जोशी व सारिम सैफी आदि समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment