लोहियाहेड में पैदल पहुंचे सीएम धामी, स्थानीय स्टॉल पर खाई टिक्की; ‘लोकल फॉर वोकल’ को दिया बढ़ावा

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहित करते हुए लोहियाहेड में आम लोगों के बीच पहुंचकर स्थानीय छोटे कारोबारियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री पैदल चलते हुए लोहियाहेड पहुंचे और वहां रवि के प्रसिद्ध स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री के इस सहज और सादगीपूर्ण अंदाज को देखकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। टिक्की खाने के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टॉल संचालक समेत वहां मौजूद दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से आत्मीय बातचीत की तथा स्थानीय कारोबार और लोगों की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानों और छोटे व्यवसायियों को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल एक अभियान या नारा नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जब लोग स्थानीय दुकानों और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो इससे क्षेत्र के छोटे कारोबारियों को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर संचालित छोटे व्यवसाय स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इन्हें प्रोत्साहन मिलने से युवाओं सहित अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर विकसित करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री को आम लोगों के बीच पैदल चलते और स्थानीय स्टॉल पर रुककर टिक्की खाते देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने मुख्यमंत्री के सहज व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय व्यवसायियों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना सकारात्मक संदेश देता है। मुख्यमंत्री धामी ने भी स्थानीय कारोबारियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और स्थानीय उत्पादों तथा सेवाओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। लोहियाहेड में मुख्यमंत्री की यह पहल छोटे दुकानदारों और स्थानीय उद्यमियों के प्रति सरकार के समर्थन तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ की अवधारणा को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के संदेश के रूप में सामने आई।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment