देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक के रूप में नहीं, बल्कि उनके साथ सारथी बनकर काम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद एक समय ऐसा भी था, जब पर्वतीय राज्य होने के कारण यहां उद्योगों और बड़े निवेश की संभावनाओं पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन राज्य सरकार ने इन चुनौतियों को अवसर में बदलने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को मसूरी रोड स्थित होटल ताज में ईईपीसी इंडिया (इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया) की ओर से आयोजित 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईईपीसी इंडिया पिछले कई वर्षों से भारतीय इंजीनियरिंग उद्योग की प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्टता को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सम्मानित होने वाले उद्यमियों और निर्यातकों ने अपने परिश्रम, नवाचार और उत्कृष्ट उत्पादों के माध्यम से मेड इन इंडिया को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने कहा कि भारत का विश्वास है कि दुनिया उसका बाजार है और गुणवत्ता उसकी पहचान है। यही सोच भारत को वैश्विक औद्योगिक शक्ति बनाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का आधार है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
