यूसीसी के एक वर्ष पूरे होने को लेकर सीएम धामी का दावा, विवाह पंजीकरण में 24 गुना बढ़ोतरी, जनता में दिखा सकारात्मक रुझान

देहरादून। उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 को लागू की गई यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर सरकार का दावा है कि एक साल के भीतर ही इसके व्यापक और सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। यूसीसी लागू होने के एक वर्ष पूरे होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस कानून को लेकर जनता के बीच सकारात्मक माहौल बना है और नागरिक बड़ी संख्या में पंजीकरण के लिए आगे आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार यूसीसी ने नागरिकों को कानूनी सुरक्षा की स्पष्ट गारंटी दी है, जिससे लोगों में विश्वास बढ़ा है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक यूसीसी लागू होने के बाद राज्य में विवाह पंजीकरण में करीब 24 गुना तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि लोगों में विवाह पंजीकरण को लेकर जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों बढ़ी हैं। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में यूसीसी लागू करने का निर्णय उनकी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में लिया गया था और इसके बाद सभी संवैधानिक औपचारिकताओं, जनसंवाद और जनमत संग्रह की प्रक्रिया पूरी कर 27 जनवरी 2025 से कानून को प्रभावी रूप से लागू किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक समानता, पारदर्शिता और कानून के समक्ष समान अधिकारों की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यूसीसी उत्तराखंड को देश के लिए एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित कर रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment