रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने अपने पुत्र सौरभ राज बेहड़ से जुड़े कथित हमले के मामले में प्रेसवार्ता कर भावुक होते हुए कहा कि बेटे द्वारा की गई कथित करतूत से वह बेहद आहत हैं और अब उनसे सभी पारिवारिक संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है। विधायक बेहड़ ने कहा कि प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार उनके बेटे ने अपने मित्र इंदर के साथ मिलकर स्वयं पर हमले की साजिश रची, जो न केवल पारिवारिक बल्कि सामाजिक रूप से भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटे के निजी घरेलू विवाद थे, जिन्हें परिवार के सामने स्पष्ट किया जाना चाहिए था। विधायक ने यह भी स्वीकार किया कि बेटे द्वारा पूर्व में उन्हें किडनी दान किए जाने के कारण उनकी सहानुभूति लंबे समय तक उसके साथ रही, लेकिन जो हुआ वह उचित नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक बेहड़ की आंखों में आंसू नजर आए और उन्होंने जनता, समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। साथ ही पूरे घटनाक्रम में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि रविवार शाम सौरभ राज बेहड़ पर बाइक सवारों द्वारा हमले की सूचना से शहर में हड़कंप मच गया था और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस द्वारा मामले के खुलासे की तैयारी की जा रही है और पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में चर्चा बनी हुई है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
