रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में दूसरे दिन भी लगातार बर्फबारी का दौर जारी रहा, जिससे धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम गई है और पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बना हुआ है। अत्यधिक ठंड के बावजूद मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है, जहां आईटीबीपी एवं पुलिस बल के जवान बर्फबारी के बीच नियमित रूप से ड्यूटी निभाते हुए मंदिर की सुरक्षा में तैनात हैं। वहीं चोपता–मंडल मोटर मार्ग पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई स्थानों पर वाहन रपटते नजर आ रहे हैं। केदारनाथ के साथ-साथ तुंगनाथ, मध्यमहेश्वर, त्रियुगीनारायण सहित जिले के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी दूसरे दिन लगातार बर्फबारी होती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में शीतलहर का असर बना हुआ है। ऊपरी क्षेत्रों में तापमान माइनस तीन से चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि केदारनाथ धाम में तापमान गिरकर माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। निचले इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद घने बादल छा गए और इसके बाद बारिश शुरू हो गई, जिससे ठंड में और अधिक इजाफा हो गया। लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते विशेषकर ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
