काशीपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर काशीपुर पुलिस इस बार किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। प्रशासन की विशेष यातायात योजना के तहत 8 फरवरी से 16 फरवरी की सुबह 7 बजे तक काशीपुर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित रहेगा।हर साल कांवड़ यात्रा के दौरान लाखो श्रद्धालुओं के सड़कों पर उतरने से यातायात पर जबरदस्त दबाव बनता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने साफ किया है कि इस बार कांवड़ियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। धामपुर और बिजनौर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नादेही और धर्मपुर बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा, जहां अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सख्त निगरानी रहेगी।वहीं ठाकुरद्वारा से काशीपुर की ओर आने वाले सभी भारी वाहन सूर्या चौकी से आगे नहीं बढ़ सकेंगे। इस चौकी को अस्थायी चेक पोस्ट के रूप में विकसित किया गया है, जहां 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर तत्काल चालान और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है कि कांवड़ यात्रा में सुरक्षा पहले, लापरवाही पर सख्त एक्शन तय।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
