काशीपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया, जब खनन कार्य में लगे एक डंपर की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी निवासी जयपाल सिंह सुबह करीब आठ बजे अपने घर से बाहर निकल रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात खनन डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि जयपाल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। बुजुर्ग की मौत से गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने डंपर में आग लगा दी, जिससे कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जलने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी व दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह बेकाबू भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित डंपर किस खनन कंपनी या ठेकेदार का था और क्या उसके पास खनन व परिवहन से जुड़ी वैध अनुमति थी या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों में अवैध खनन और लापरवाह वाहनों को लेकर गहरा रोष देखने को मिल रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
