काशीपुर। महाशिवरात्रि का पावन पर्व कांवड़ यात्रा पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। उत्तराखड की पावन नगरी हरिद्वार से हजारों की संख्या में शिवभक्त गंगा जल भरकर कांवर के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। शिवभक्त कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर काशीपुर स्थित प्रसिद्ध मोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं। बोल बम और हर हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा भाव भी चरम पर दिखाई दे रहा है। भूतपुरी से काशीपुर तक विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह जलपान, फल, शर्बत और भोजन के भंडारे लगाए गए हैं। सेवादार पूरी निष्ठा के साथ दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। भूतपुरी से काशीपुर तक ट्रैफिक को वन-वे कर दिया गया है, जिसमें एक साइड कांवड़ियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित रखी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए तत्पर हैं। धार्मिक आस्था, सेवा भावना और प्रशासनिक सजगता के इस समन्वय ने कांवड़ यात्रा को सफल और शांतिपूर्ण रूप प्रदान किया है। क्षेत्र में श्रद्धा, अनुशासन और सहयोग का अद्भुत उदाहरण देऽने को मिल रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
