काशीपुर। ज्ञानार्थी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करना था। रैली का शुभारंभ काशीपुर नगर निगम के महापौर दीपक बाली द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद प्रतिनिधि श्री राहुल अग्रवाल, साई पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक गहतोड़ी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरिराज खुल्बे तथा प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. तरुण सोलंकी भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।कॉलेज की ओर से संस्थान के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा, सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह, डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा तथा रजिस्ट्रार सतीश कांडपाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त कॉलेज के सभी शिक्षकगण तथा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं रैली में सम्मिलित हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को संदेश दिया कि “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं”, “धीमी गति, सुरक्षित यात्रा” तथा “सड़क नियमों का पालन करें, दुर्घटनाओं से बचें”। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
