काशीपुर। भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह जीतू व भूमि बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार ने आज मंडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में बताया कि ग्राम जुड़का बीट पर गांधीनगर खत्ता में पिछले 50-60 वर्षो से अपनी खेतीबाड़ी कर जीवन यापन कर रहे करीब 100-150 किसान परिवार की जमीन पर कब्जा करने के लिए वन विभाग व प्रशासन अपनी पूरी तैयारी के साथ आज रात या कल तड़के उन्हें हटाने के लिए आ रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी सामाजिक, राजनैतिक व जिम्मेदार लोगों से वहां पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि उक्त जमीन उनके जीने का एक मात्र सहारा है। उन्होंने कहा कि उक्त जमीन पर प्रशासन उनके जीते जी तो कब्जा नहीं कर सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से उक्त कार्यवाही रोकने की मांग की। साथ ही चेताया कि अगर उक्त कार्यवाही हुई तो किसान अपनी जान देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सभी किसानों से आज शाम से ही धरना प्रदर्शन स्थल पर जुड़ने और सारी रात वहां बैठेने को कहा। बताया कि उन्हें पता चला है कि प्रशासन सुबह चार बजे उक्त कार्यवाही कर सकता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से धरना स्थल पर जुटने की अपील की है। यहां उदित शर्मा, अवनीश वेदी, सुरज कुमार आदि किसान मौजूद रहे। बतादें कि रामनगर रेंज के जुड़का बीट पर गांधीनगर खत्ता में वन विभाग की 58 हेक्टेयर भूमि पर प्लांटेशन किया जाना है। कोर्ट के आदेश पर वन विभाग की टीम ने दिसंबर माह में वन भूमि को कब्जे में लेकर तारबाड़ की थी। तारबाड़ के समय मौके पर कुछ ग्रामीणों ने गेहूं की फसल बोई हुई थी। तब ग्रामीणों के आग्रह पर वन विभाग ने भूमि को फसल कटाई तक छोड़ दिया था। 28 अप्रैल को वन विभाग की 58 हेक्टेयर भूमि पर प्लांटेशन करने पहुची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इसी को लेकर 6 मई को एसडीएम कार्यालय में महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
