काशीपुर। कृषि मंडी गेस्ट हाउस में किसान विकास क्लब की मासिक बैठक क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन क्लब के संयुक्त सचिव अशोक शर्मा ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इफको के अधिकारी नीरज डोभाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को धान की फसल में संतुलित उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक करना तथा प्रगतिशील किसानों के खेतों पर लगाए जा रहे प्रदर्शन क्षेत्रों की जानकारी देना है। उन्होंने संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए आगामी धान की फसल में पारंपरिक उर्वरकों के स्थान पर नैनो डीएपी के उपयोग तथा जड़ शोध विधि से धान की रोपाई के संबंध में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय रावल ने धान में बौनापन (फिजी वायरस) से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि धान की पौध बोने के एक सप्ताह बाद से एक-एक सप्ताह के अंतराल पर तीन बार पौध सहित चारों ओर 6 से 7 फीट तक तेला एवं माहू नियंत्रण के लिए स्प्रे करना चाहिए। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि इसके लिए सिनजेंटा कंपनी की Chess या पीआई इंडस्ट्रीज की Dinotefuran आधारित दवा का छिड़काव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर यह उपाय अपनाने से धान की फसल को फिजी वायरस (बौनापन रोग) से बचाया जा सकता है, जिससे उत्पादन में होने वाले नुकसान को रोका जा सकेगा।कार्यक्रम के अंत में क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने सभी किसान भाइयों एवं मुख्य अतिथि नीरज डोभाल का बैठक को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि कुमार, सत्यपाल सिंह चौधरी, सुभाष चौधरी, टीका सिंह सैनी, लक्ष्मीकांत शर्मा, सुरेंद्र सिंह चौधरी, अपूर्व मेहरोत्रा, एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा, संदीप चतुर्वेदी, वेद प्रकाश शर्मा, देवी सिंह यादव, उपेंद्र शर्मा, अनूप सिंह, सरफराज हुसैन, अजय कपूर सहित अनेक किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
