काशीपुर। शिवरालपुर झंडा स्थित एक कथित तांत्रिक के आश्रम में छह वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्यवीर उर्फ सत्यवीर बाबा के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, बंधक बनाने, मारपीट, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई विक्रम सिंह धामी को सौंपी गई है। संभल (उत्तर प्रदेश) के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम वेरनी निवासी सुगर सिंह ने आईटीआई कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी मां वीरवती के शरीर में गांठें होने के कारण किसी व्यक्ति ने उन्हें बताया था कि काशीपुर के शिवरालपुर झंडा स्थित सत्यवीर के आश्रम में तांत्रिक विद्या से उपचार किया जाता है। इस पर अंधविश्वास के चलते उनकी मां 27 जुलाई को अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को साथ लेकर आश्रम पहुंच गईं।आरोप है कि आश्रम में सत्यवीर बाबा ने बच्चे के शरीर में नुकीली वस्तु चुभा दी, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद इलाज के बहाने उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। काफी देर तक बच्चे को बाहर नहीं निकाला गया और बाहर निकालने की मांग करने पर वीरवती के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। सूचना मिलने पर 28 जुलाई को सुगर सिंह अपने भाइयों के साथ आश्रम पहुंचे। उनके विरोध और कहासुनी के बाद जब बच्चे को कमरे से बाहर निकाला गया तो वह मृत अवस्था में मिला।पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने बच्चे की मौत पर सवाल उठाया तो सत्यवीर बाबा और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की तथा धमकी दी कि बच्चे के शव को चुपचाप ले जाओ, अन्यथा सभी को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद परिजनों ने सत्यवीर बाबा और उसके एक साथी को पकड़कर आईटीआई कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
