काशीपुर। करीब पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुके व्यक्ति के विरुद्ध ऊर्जा निगम की ओर से बिजली चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्रकरण की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।भारतीय किसान यूनियन के नेता जितेंद्र सिंह जीतू के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण आईटीआई कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्राथमिकी वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति के विरुद्ध बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, उसकी करीब पांच वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में मृत व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होना ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मौके पर दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
