सीएम धामी ने सुनी पीएम मोदी के ‘मन की बात’, बोले- नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और उनके अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री समय-समय पर देश के सामने ऐसे प्रयासों और उपलब्धियों को रखते हैं, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बार भी युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन में बदलने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशे से मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का उल्लेख किए जाने पर भी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के इतिहास और विरासत से युवा पीढ़ी को जोड़ने वाले ऐसे प्रयास उनमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर के प्रति समझ और सम्मान को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना केवल इतिहास को जानने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में देश और अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना भी मजबूत होती है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को पहचान दिलाने और उनके प्रयासों से अन्य नागरिकों को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के नागरिकों को समाजहित, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सकारात्मक प्रयासों की जानकारी मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहार में अपनाने से समाज में सकारात्मक बदलाव को और गति मिल सकती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment