काशीपुर। अगर क्षेत्र के व्यस्त मार्गों पर ई-रिक्शाओं का बेतरतीब संचालन यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। सड़क किनारे आड़े-तिरछे ई-रिक्शा खड़े कर सवारियों का इंतजार करने और जगह मिलते ही वाहन निकालने की कोशिश से आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।नगर निगम क्षेत्र के मुख्य बाजार, रतन सिनेमा रोड, नई सब्जी मंडी, तहसील रोड, कटोराताल रोड, बाजपुर रोड, रामनगर रोड और रेलवे स्टेशन रोड पर सुबह से देर शाम तक बड़ी संख्या में ई-रिक्शाओं का संचालन होता है। व्यस्त समय में इन मार्गों पर वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों का कहना है कि कई ई-रिक्शा चालक निर्धारित स्थानों के बजाय सड़क किनारे और दुकानों के सामने वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है। लोगों के अनुसार प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। उन्होंने ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित स्टैंड और रूट तय कर संचालन व्यवस्थित कराने की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
