हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण पर विवाद, सीएम धामी समेत कई के खिलाफ तहरीर

हल्द्वानी। कांग्रेस की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण कराए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नैनीताल नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संजय कुमार आर्य (संजू) ने मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े गिरीश पांडे समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा आयोजित हुई थी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बाजपुर विधायक यशपाल आर्य, सांसद कुमारी शैलजा समेत कई दलित नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जनसभा समाप्त होने के बाद गिरीश पांडे और अन्य लोगों की ओर से रामलीला मैदान में गंगाजल का छिड़काव कर हवन-पूजन कराया गया और इस पूरी प्रक्रिया को कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ के रूप में प्रचारित किया गया। संजय कुमार आर्य ने तहरीर में आरोप लगाया है कि इस तरह की कार्रवाई दलित समुदाय के अपमान और समाज में छुआछूत तथा अस्पृश्यता की भावना को बढ़ावा देने वाली है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से इसकी जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी कथित शुद्धिकरण की घटना का बचाव करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 30 अगस्त को दिए गए एक बयान का भी तहरीर में उल्लेख किया है, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति को लेकर टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इस बयान को भी आपत्तिजनक बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में संविधान के अनुच्छेद 17, नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम-1955 की धारा 7 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(आर) और 3(1)(यू) का हवाला देते हुए पुलिस से मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कथित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं मल्लीताल कोतवाली के कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है और उनके निर्देश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस स्तर पर मामले को लेकर तथ्यों और आरोपों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर सामने आई शिकायत ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी बहस को तेज कर दिया है। अब पुलिस की जांच और उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि तहरीर में लगाए गए आरोपों पर किस प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाती है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment