देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने आवास पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के दो नन्हे पर्वतारोहियों मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और दोनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण पर्वत चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचना बच्चों के अदम्य साहस, मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे उत्तराखंड को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों नन्हे पर्वतारोहियों की सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है और इससे उनमें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन चुनौतियों को स्वीकार कर उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास पैदा होगा। 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत अल्मोड़ा जिले के चीनाखान के निवासी हैं, जबकि 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की रहने वाली हैं। दोनों बाल पर्वतारोहियों ने 22 अगस्त 2026 को अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करते हुए वहां तिरंगा फहराया था। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और यहां की पर्वतीय संस्कृति ने प्रदेश के बच्चों और युवाओं में साहसिक गतिविधियों के प्रति स्वाभाविक रुचि विकसित की है और आज प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेलकूद तथा विभिन्न साहसिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा, क्षमता और हिम्मत की कोई कमी नहीं है तथा उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं। रियांश पंत और प्रिशा रावत की उपलब्धि इसी प्रतिभा और आत्मविश्वास का उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि आने वाले समय में उत्तराखंड के अनेक बच्चों और युवाओं को पर्वतारोहण एवं साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी और प्रदेश का नाम दुनिया भर में रोशन करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
