बाजपुर। गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। उनके बाजपुर स्थित ईएमआरएस कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि PIB ने भी की है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और गांधी जी का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ प्रस्तुत किया।जनजातीय शिक्षा पर विशेष जोरकेंद्रीय मंत्री ने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और सैनिक स्कूलों की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर उत्कृष्ट बनाया जाएगा। उन्होंने जनजातीय समाज के शिक्षा और समग्र विकास पर विशेष जोर दिया।मंत्री के अनुसार देशभर में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 428 विद्यालय संचालित हैं।कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। बाजपुर का यह ईएमआरएस वर्तमान में कक्षा 6 से 12 तक संचालित है और जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत आता है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
