देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को देहरादून स्थित शासकीय आवास पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने मुलाकात की। अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड की पहाड़ों की रानी मसूरी और तीर्थनगरी ऋषिकेश में अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंचे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मुलाकात को आत्मीय बताते हुए प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, राज्य की नई फिल्म नीति और उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, मनमोहक पर्वतीय दृश्यों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक विशेषताओं के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। प्रदेश में मौजूद प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग प्रकार की फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराती है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की अनुकूल फिल्म नीति का उद्देश्य उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना और अधिक से अधिक फिल्म निर्माताओं को प्रदेश में शूटिंग के लिए आकर्षित करना है। सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, जिससे प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य संबंधित क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही फिल्म शूटिंग की गतिविधियों से पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं। मसूरी और ऋषिकेश जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर फिल्म निर्माण से इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसके तहत उत्तराखंड को फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग स्थल बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का विस्तार करने पर जोर दिया जा रहा है। अभिनेता अक्षय कुमार की उत्तराखंड यात्रा और मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात को प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
