खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार शाम खटीमा पहुंचने पर रेलवे फाटक के पास अपना वाहन रुकवाया और रवि के ठेले से मूंगफली खरीदकर उसका स्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने निजी आवास नगला तराई में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही और जनता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, मोहिनी पोखरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, रंदीप पोखरिया, अमित पांडे, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, वीसी जय किशन, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
