अग्निशमन विभाग ने काशीपुर के चार अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया

काशीपुर। नगर क्षेत्र के अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए अग्निशमन विभाग ने काशीपुर के चार अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर विभाग ने चारों अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय देहरादून तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने मुरादाबाद रोड स्थित सहोता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, जीवन रेखा डायग्नोस्टिक सेंटर, आयुष्मान मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल और स्वास्तिक हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, विद्युत वायरिंग, फायर अलार्म सिस्टम तथा आपात स्थिति में मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षित निकासी के इंतजामों की जांच की गई। निरीक्षण में कुछ आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित अस्पताल प्रबंधन को नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी देकर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment