घनी आबादी में बिना लाइसेंस पटाखों का गोदाम संचालित करने पर कार्रवाई, पुलिस ने 80 पेटी आतिशबाजी जब्त कर गोदाम किया सील

काशीपुर। दीपावली से पहले घनी आबादी के बीच अवैध रूप से संचालित एक पटाखों के गोदाम का खुलासा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बिना लाइसेंस रखी गई आतिशबाजी की 80 पेटियां जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। मामला गंगे बाबा रोड स्थित पुष्प विहार कॉलोनी का है, जहां मोहल्ला कटरामालियान निवासी सतीश यादव ने कौशल यादव के मकान में अवैध रूप से पटाखों का गोदाम बना रखा था। घनी आबादी के बीच ज्वलनशील सामग्री रखे जाने की जानकारी मिलने पर किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना एसडीएम अभय प्रताप सिंह को दी। एसडीएम ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार की रात पुलिस जब मौके पर पहुंची तो गोदाम बंद मिला। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि आतिशबाजी का पूरा स्टॉक सतीश यादव का है। गुरुवार की सुबह सीओ दीपक सिंह पुलिस बल और दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां सतीश ने गोदाम खोलने में आनाकानी की। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार पंकज चंदौला मौके पर पहुंचे और गोदाम का ताला खुलवाया गया। अंदर दो कमरों में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी की पेटियां रखी मिलीं। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक चली, जिसके दौरान करीब 80 पेटी आतिशबाजी बरामद की गई। टीम ने मौके पर स्टॉक की गिनती की और जीएसटी बिल व लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, लेकिन सतीश कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों के अनुसार, गोदाम घनी आबादी वाले क्षेत्र में नियम विरुद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा था। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे गोदाम को सील कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment