देहरादून/रानीखेत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार सुबह रानीखेत पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों और सैलानियों से चाय पर चर्चा कर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का फीडबैक लिया। दो दिवसीय अल्मोड़ा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री गांधी चौक स्थित पिलखोली निवासी राजेंद्र सिंह नेगी के टी स्टॉल पर पहुंचे, जहां उन्होंने चाय की चुस्की के साथ अखबार पढ़ा और दुकान पर मौजूद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक भी किया।इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठ व्यवसायी अजय बबली के साथ बैठकर रानीखेत के बाजार, कारोबार और पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। व्यवसायी द्वारा पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने की जरूरत बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों से कुशलक्षेम पूछने के बाद मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच केमू स्टेशन होते हुए कुमाऊं लॉज पहुंचे, जहां उनका अग्निवीर सैनिकों से संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान उन्होंने गांधी चौक पर फोटो भी खिंचवाई।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अल्मोड़ा के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रातः भ्रमण में स्थानीय लोगों से चाय पर चर्चा कर अभियान का फीडबैक लिया गया, जिस पर लोगों ने सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान से जनता और शासन के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता मजबूत हो रही है। साथ ही दिल्ली से आए पर्यटकों से मुलाकात कर शीतकालीन यात्रा के अनुभव भी जाने, जिनसे मिला सकारात्मक फीडबैक सरकार को जनहित में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
