फर्जी फर्म के नाम खुले खाते से देशभर में साइबर ठगी, 12 राज्यों के 22 लोगों से 2.44 लाख की ठगी का खुलासा

सितारगंज में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें देश के 12 राज्यों के 22 लोगों से कुल 2.44 लाख रुपये की ठगी की गई। यह रकम स्थानीय एसबीआई शाखा में जोशान ट्रेडिंग कंपनी के नाम से खोले गए एक फर्जी बैंक खाते में जमा कराई जा रही थी। पुलिस ने खाता संचालक समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गृह मंत्रालय द्वारा स्थापित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (एनसीआरपी) के निर्देश पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एसबीआई की सितारगंज शाखा में एक संदिग्ध खाते की जानकारी सामने आई, जिसमें 6.23 लाख रुपये का होल्ड लगा हुआ था। जांच में पता चला कि यह खाता तीन सितंबर 2025 को जोशान ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर खोला गया था, जो संयुक्त रूप से गांव सलमता निवासी गुरचरन सिंह, गांव घुसरी निवासी मलकीत सिंह और गांव देवकली निवासी सलक्खन सिंह के नाम दर्ज था।मामले में नया मोड़ तब आया जब गांव डोहरी निवासी संतोष सिंह ने पुलिस को बताया कि वह जोशान ट्रेडिंग कंपनी नामक फर्म का मालिक है, लेकिन उसने एसबीआई में इस नाम से कोई खाता नहीं खुलवाया। जानकारी मिलने पर उसने तत्काल बैंक में प्रार्थनापत्र देकर खाते को फ्रीज कराने की मांग की थी। पूछताछ में संयुक्त खाताधारकों ने बताया कि वे नानकमत्ता और सितारगंज क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांव कैथुलिया निवासी सुरजीत सिंह और परमजीत सिंह ने उनकी पहचान अर्जुनपुर, रुद्रपुर निवासी ईश्वर सिंह से कराई थी। ईश्वर सिंह बैंक खाते खुलवाने और उसमें पैसे मंगवाने का काम करता था और बदले में कमीशन देता था। रुपयों के लालच में आकर पांच लोगों ने मिलकर एक लाख रुपये इकट्ठा किए और जोशान ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्जी खाता खुलवाया। इसके बाद खाते की पूरी जानकारी ईश्वर सिंह को सौंप दी गई।आरोप है कि खाता खुलने के एक सप्ताह के भीतर उसमें 15 से 16 लाख रुपये जमा हुए, जिनमें से ईश्वर सिंह ने चार लाख रुपये कमीशन के रूप में दिए, जिसे पांचों आरोपियों ने आपस में बांट लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि ईश्वर सिंह ही देशभर के अलग-अलग राज्यों में फर्जी कॉल कर लोगों से ठगी कर उनके रुपये इसी खाते में जमा करवाता था।एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के अनुसार, इस खाते के जरिए गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना समेत 12 राज्यों के 22 लोगों से ठगी की गई। अलग-अलग पीड़ितों से 12 हजार से लेकर 74 हजार रुपये तक की रकम ऐंठी गई। पुलिस का मानना है कि वास्तविक पीड़ितों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है, क्योंकि कई लोगों ने अब तक पोर्टल पर शिकायत दर्ज नहीं कराई है।एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर खाते की जांच कर ठगी की पुष्टि की गई है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment