पार्षदों के बाद देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ और भारतीय वाल्मीकि महासभा उत्तराखंड ने बोला पूर्व विधायक चीमा पर हमला

काशीपुर।‌ काशीपुर में चौराहों के नामकरण को लेकर पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा द्वारा की गई प्रेस वार्ता के तत्काल बाद से प्रतिक्रियाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोशल मीडिया पर तमाम प्रतिक्रियाओं के साथ ही पार्षदों ने पूर्व विधायक के खिलाफ मोर्चा खोला, तो आज देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड एवं अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा उत्तराखंड ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूर्व विधायक पर जमकर हमला बोला। यहां तक कहा गया कि पूर्व विधायक के कार्यकाल में ही काशीपुर का विनाश हुआ है। नगर निगम रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड एवं अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अजय सौदा ‘बन्नू’ ने कहा कि नगर निगम महापौर दीपक बाली द्वारा काशीपुर में किये जा रहे चहुंमुखी विकास पर पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा जो बयान दे रहे हैं, वह उसकी घोर निंदा करते हैं। पूर्व विधायक चीमा कह रहे हैं कि काशीपुर के चौराहों का नाम बदला जा रहा है। जबकि शहर के सौंदर्यीकरण के लिए नगर के प्रमुख चौराहों का नामकरण किया जा रहा है। अजय सौदा ‘बन्नू’ ने कहा कि महापौर दीपक बाली द्वारा महज 60 दिनों में काशीपुर के 40 वार्डों में 60 करोड़ रुपये का कार्य किया गया है। महापौर दीपक बाली के कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार काशीपुर को विकास योजनाओं के लिए धन उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 859 पदों में मृतक परिवारों को नियुक्ति नहीं की जा रही थी, लेकिन महापौर दीपक बाली के प्रयास से मुख्यमंत्री द्वारा उक्त को कैबिनेट में पास कर मृत आश्रितों के लिए नौकरी का रास्ता खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि एनडी तिवारी के बाद अब दीपक बाली विकास पुत्र बनकर उभर रहेे हैं। अजय सौदा ‘बन्नू’ ने कहा कि पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के विधायक बनते ही काशीपुर शुगर मिल बंद हो गई। सूर्या फैक्ट्री ठेके पर चली गई। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में काशीपुर का विकास नहीं, विनाश हुआ है। उनका बयान सरकार के विरोध में है और सरकार के काम में बाधक है। अजय सौदा ‘बन्नू’ ने पूर्व विधायक चीमा के बयान की निंदा करते हुए उक्त बयान वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पूर्व विधायक ने अपना बयान वापस नहीं लिया तो देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ काम बंद हड़ताल कर उनका जोरदार विरोध करेगा। प्रेस वार्ता में अनुज सौदा, मनोज पहलवान, बबलू चौहान, विनय चौधरी, विरेन्द्र मुल्तानी, रामकुमार मरदान, अजय, बादल खत्री आदि मौजूद थे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment