कोटद्वार में 26 जनवरी को हुए प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर उस युवक दीपक कुमार के समर्थन में आवाज उठाई, जिसने एक मुस्लिम दुकानदार पर हो रहे हमले के दौरान बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी। राहुल गांधी ने कहा कि हिंसा के खिलाफ खड़े होने वाले नागरिकों को डराया जाना बेहद चिंताजनक है और ऐसे लोगों को पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।राहुल गांधी के ट्वीट के बाद जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने भी इस मामले में डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। जमीअत का कहना है कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने बताया कि 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे और दीपक कुमार के जिम पर तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि हिंसा के खिलाफ खड़े व्यक्ति को निशाना बनाना समाज के लिए खतरनाक संकेत है और इससे देवभूमि की शांत छवि को नुकसान पहुंच रहा है।उधर, कोटद्वार में स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बजरंग दल के हंगामे के बाद शहर में लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। बाहरी क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी–यूके बॉर्डर पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। जिलेभर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और दो प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच चल रही है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।राहुल गांधी के ट्वीट के बाद यह मामला अब सिर्फ स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है, जहां सवाल यह उठ रहा है कि क्या इंसानियत दिखाने की कीमत अब डर और असुरक्षा बनती जा रही है
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
