काशीपुर। जसपुर क्षेत्र में कोर्ट के गैर-जमानती वारंटी तामील कराने गई पुलिस टीम पर वारंटी के परिजनों और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने एकतरफा पुलिस को घेरकर पीटा और वारंटी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर भगा दिया। इस हिंसक झड़प में उपनिरीक्षक और सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत 7 लोगों को नामजद किया है।आज एसपी सिटी स्वप्न किशोर ने अपने कार्यालय में बताया कि पतारामपुर पुलिस चौकी में तैनात उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता और कांस्टेबल सुभाष कुशियाल बीते शुक्रवार रात करीब 9 बजे आबकारी अधिनियम के तहत वांछित चल रहे वारंटी सुखविंदर सिंह पुत्र स्व. विज्ञान सिंह निवासी भगवानपुर ग्राम नं.-2 के घर दबिश देने पहुंचे थे। पुलिस ने जैसे ही वारंटी सुखविंदर सिंह को उसके घर के आंगन में हिरासत में लिया और गिरफ्तारी मेमो तैयार करने लगी, तभी सुखविंदर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वारंटी की मां शिलो कौर, पत्नी मनवीर कौर, भाई मंगल सिंह, बेटे भाई संदीप सिंह, गुरु सिंह और गुरजाप सिंह अपने साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर मौके पर आ गए और पुलिस टीम को घेर लिया। दरोगा गोविंद सिंह ने जब उन्हें कोर्ट का वारंट दिखाया, तभी आरोपियों ने वारंटी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे वारंट का कुछ हिस्सा फट गया।आरोपियों ने एकराय होकर पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इस दौरान संदीप सिंह ने पुलिस टीम पर जानलेवा वार किया, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने दरोगा गोविंद सिंह मेहता और कांस्टेबल सुभाष कुशियाल के साथ लात-घूंसों और डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और वारंटी सुखविंदर सिंह को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर भगा दिया। पुलिसकर्मियों ने गांव से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।घायल उपनिरीक्षक ने तत्काल कोतवाली जसपुर के प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल राजेश पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद घायल दरोगा गोविंद सिंह और कांस्टेबल सुभाष कुशियाल को इलाज के लिए सीएचसी जसपुर ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया।उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, वारंटी को भगाने और मारपीट करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाल राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपी क्षेत्र से बचने के लिए फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सूचना मिली है कि घटना में सम्मिलित कुछ महिलाएं पुलिस विरासत हिरासत में है में है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
